उधमपुर। नगर परिषद की ओर से देविका की सुंदरता को बढ़ाने के लिए पार्क का निर्माण किया गया है लेकिन यहां शौचालयों की हालत दयनीय बना हुई है। इससे लोग परेशान हैं।
हालांकि नगर परिषद की ओर से परिसर में नए शौचालय भी बनाए गए हैं लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद भी आज तक इन्हें खोला नहीं गया है। इसके चलते परिसर में बने मंदिरों में माथा टेकने के लिए आने वाले लोगों के साथ-साथ पार्क में अपने बच्चों के साथ आने वाले लोग काफी परेशान हैं।
स्थानीय निवासी रमेश कुमार का कहना था कि देविका गंगा की बड़ी बहन होने के चलते इसे काफी पवित्र स्थान माना जाता है। इसके चलते यहां पर स्थानीय लोगों के अलावा बाहरी राज्यों से भी लोग माथा टेकने के लिए आते हैं लेकिन परिसर में बंद पड़े शौचालयों की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी आकाश कुमार ने बताया कि देविका की सुंदरता को चार चांद लगाने के लिए बेशक नगर परिषद की ओर से पार्क का निर्माण करवाया गया है। इसके चलते पार्क में लोगों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह होने के साथ ही बच्चों के खेलने के लिए भी प्रबंध किए गए हैं लेकिन हैरानी इस बात की है कि शौचालयों की ओर किसी का भी ध्यान नहीं जा रहा है।
स्थानीय निवासी करतार सिंह का कहना था कि जब से देविका परिसर में पार्क का निर्माण किया गया है। तब से ही सुबह और शाम काफी संख्या में लोग यहां पर आते हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद व प्रशासन को देविका में लोगों को किसी प्रकार की समस्या न आए, उसका ध्यान रखना चाहिए।
स्थानीय निवासी शांति गुप्ता के अनुसार वह नगर परिषद व प्रशासन से देविका परिसर में बंद पड़े शौचालयों को खोलने के साथ ही देविका में कचरे से भरे नालों की सफाई करवाने की मांग करते हैं।
इस संदर्भ में नगर परिषद के सीईओ राजेंद्र डींगरा का कहना था कि देविका परिसर में जो नए शौचालय बनाए गए हैं, उन्हें अभी सीवरेज के साथ जोड़ना है। इसके चलते अभी उन्हें बंद रखा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सीवरेज के साथ जोड़कर उन्हें लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही पुराने बने शौचालयों को डिस्मेंटल कर दिया जाएगा और नाले को और खुला किया जाएगा ताकि नाले की गंदगी बावलियों की ओर न जाए।
फोटो सहित