उधमपुर। देविका परियोजना के तहत शहर में चल रहे सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य की निगरानी करने के लिए नगर परिषद ने चार सदस्यों की कमेटी का गठन किया है। इसका अध्यक्ष वार्ड 6 के पार्षद विक्रम सिंह सलाथिया को चुना गया है।
किसी भी वार्ड में कोई परेशानी होगी तो पार्षद इस कमेटी से संपर्क करेंगे। यह कमेटी ही अब यूईईडी व ठेकेदार के साथ बैठक कर निर्णय लेगी। करीब तीन वर्ष से शहर में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। वहीं, तीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तैयार करने का काम भी शुरू कर दिया गया है। तीन वर्ष से यह कार्य पूरे शहर के लिए सिरदर्द बन चुका है।
हालात यह हैं कि सरकार ठेकेदार की गलत कार्यप्रणाली को लेकर दो बार लाखों का जुर्माना भी लगा चुकी है। इसके बावजूद न तो काम में कोई सुधार हुआ, और न ही शहरवासियों को इससे कोई राहत मिली। इसको लेकर हर रोज कई शिकायतें नगर परिषद कार्यालय पहुंचती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नप ने चार पार्षदों की कमेटी का गठन किया है।
इसमें अध्यक्ष विक्रम सलाथिया के अलावा वार्ड 1 की पार्षद प्रीति खजूरिया, वार्ड 7 के पार्षद विकास शर्मा और वार्ड 20 के पार्षद जगदीश कुमार शामिल हैं। यह कमेटी सीवरेज पाइप लाइन के साथ सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य की निगरानी करेगी। जब किसी वार्ड में इससे संबंधित कोई परेशानी होगी तो लोग अपने पार्षद से शिकायत करेंगे। फिर पार्षद इस कमेटी से संपर्क करेगा। कमेटी उस पर कार्रवाई करेगी।
-----
यूईईडी व ठेकेदार कमेटी के साथ करेंगे बैठक
सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य को लेकर यूईईडी के अधिकारी व ठेकेदार नप अध्यक्ष के साथ बैठक नहीं करेंगे। इनको अब काम का सारा ब्योरा इस नवगठित कमेटी को ही देना होगा। यह कमेटी ही आगे के सारे निर्णय लेगी। त्रुटियां पाए जाने पर कार्रवाई करने का काम भी कमेटी ही करेगी।
-----
31 जनवरी को हुई जनरल हाउस की बैठक में इसको लेकर निर्णय लिया गया था। कमेटी सबसे पहले तीनों सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों का निरीक्षण करेगी। इसके साथ मंगलवार को यूईईडी के अधिकारियों और ठेकेदार के साथ पहली बैठक कर काम की पूरी जानकारी हासिल की जाएगी।
- विक्रम सिंह सलाथिया, पार्षद, वार्ड 6