-कूड़ा फेंकते पकड़े जाने वालों पर हो सकेगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। देविका नदी में गंदगी फेंकने वालों पर नगर परिषद नकेल कसेगा। इसके लिए जल्द देविका परिसर में 20 से 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। परिषद ने इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। कैमरे लगने के बाद नदी तीसरी आंख की जद में रहेगी।
नगर परिषद नदी की पवित्रता को कायम रखने पर काम कर रहा है। हालांकि, देविका में सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव काफी समय पहले लाया गया था। लेकिन किन्हीं कारणों से इस प्रस्ताव पर कोई काम नहीं हो सका था। अब नगर परिषद ने देविका नदी की स्वच्छता को बरकरार रखने का बीड़ा उठा लिया है जिसके चलते करीब 20 से 25 सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए टेंडर मांगे हैं ताकि देविका को दूषित करने वाले लोगों की पहचान कर उन पर कार्रवाई की जा सके। इतना ही नहीं सीसीटीवी कैमरे लगने से जहां देविका की स्वच्छता बरकरार रहेगी तो वहीं परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी हो जाएगी। वहीं, सफाई कर्मचारियों की टीम बनाकर रोजाना पवित्र देविका की साफ-सफाई करवाई जा रही है।
देविका को स्वच्छ बनाए रखने में कई युवा दे रहे योगदान
देविका को मां गंगा की बड़ी बहन कहते हैं। इसके चलते नगर परिषद की ओर से देविका की पवित्रता को कायम रखने व कचरा मुक्त बनाने के लिए आए दिन देविका पर सफाई अभियान चलाया जाता है। इतना ही नहीं हर सप्ताह रविवार को देविका आर्मी की युवा देविका नदी में एक विशेष सफाई अभियान चलाकर सफाई करती है। पवित्र देविका के साथ ही दूध गंगा की भी रोजाना सफाई की जा रही है।
परिषद दफ्तर में रहेगा कैमरों का कंट्रोल
देविका में सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद देविका में कचरा फेंकने वाले लोग नगर परिषद की तीसरी आंख से नहीं बच पाएंगे। क्योंकि जो कैमरे लगाए जा रहे हैं उनका पूरा कंट्रोल नगर परिषद के दफ्तर में होगा। वहीं से परिषद के अधिकारी देविका पर नजर रखेंगे।
-
कोट
देविका की गरिमा को बरकरार रखने के लिए 20 से 25 सीसीटीवी कैमरे देविका परिसर में लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया को शुरू कर दी है। इससे यहां कचरा फेंकने वालों पर नजर रहेगी। सुरक्षा के लिहाज से भी यह प्रयास फायदामंद होगा। सीसीटीवी लगने के बाद कोई देविका में कचरा फेंकते पकड़ा जाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। रोजाना देविका व उसके साथ बहती दूध गंगा में सफाई कर्मचारी सफाई भी कर रहे हैं।
-विशाल सदोत्रा, सीईओ, नगर परिषद के
फोटो सहित