उधमपुर। जिले में डेंगू के मामलों की संख्या में बढ़ोतरी का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। दो दिन में जिले में कुल छह लोग डेंगू का शिकार पाए गए हैं। इसी के साथ जिले में डेंगू के कुल मामलों की संख्या 91 हो गए गई।
जिले में नवंबर के पहले सप्ताह तक कोई मामला सामने नहीं आया। लेकिन, अब फिर से लोग संक्रमित होने लगे हैं। सप्ताह में ही 21 लोग डेंगू का शिकार पाए गए हैं, और पिछले दो दिन में कुल छह लोगों को डेंगू का डंक लगा है। इनमें रविवार को चार और सोमवार को दो लोग डेंगू से संक्रमित पाए गए।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद यासीन ने बताया कि जिले में अब तक 91 डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं। जहां पर भी मामले आ रहा हैं, वहां की जांच की जा रही है। जांच में पता चल रहा है कि लोगों ने घरों में ड्रमों में पानी जमा कर रखा है। जब पानी की जांच की जा रही है तो उनमें लारवा मिल रहा है। इसी लारवे से डेंगू का मच्छर पनप रहा है।
जब यह मच्छर किसी को काट रहा है तो वह डेंगू का शिकार हो रहा है। डेंगू को लेकर सभी को जागरूक रहना होगा। घर में ज्यादा समय तक पानी जमा न होने दें। अगर ड्रम में पानी भरा जा रहा है तो उसको एक बार खाली जरूर करें। घर में कूलर, गमले में भी पानी जमा न होने दे। तापमान में गिरावट हो रही है, लेकिन पहले से जमा लारवा के कारण ही लोग डेंगू का शिकार हो रहे हैं।