चिनैनी। पंचायत बश्ट में वीरवार को ग्रामसभा का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य रूप से सरपंच सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे, जिन्होनें लोगों की समस्याएं सुनीं और विकास के आए फंड से क्षेत्र की समस्याएं दूर करने का आश्वासन दिया है।
ग्रामसभा में लोगों ने ट्रैक्टर मार्ग बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई। बताया कि ट्रैक्टर रोड बश्ट से दंगल ग्राउंड, पीएमजीएसवाई सड़क से शीतला मंदिर, हाई स्कूल बश्ट से राष्ट्रीय राजमार्ग तक बनाया जाए। इससे किसानों की समस्याएं दूर होंगी और उन्हें सब्जी खेतों से सड़क तक पहुंचाने में आसानी होगी। इसके अलावा लोगों ने हर वार्ड में पानी की टैंकी बनाने की मांग उठाई, पानी की किल्लत कम हो सके। सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की, जिससे जमीनों को नुकसान न पहुंचे। लोगों ने पुराने मार्ग खोलने की अपील की, जिससे लोगों की आवाजाही आसान हो सकेगी। सरपंच ने कहा कि विकास कार्य के लिए पैसे आए हैं और जल्द ही ट्रैक्टर रोड व टैंकी का कार्य शुरू करवाया जाएगा।