संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। सुद्धमहादेव चौकी के अधीन क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक व्यक्ति का शव रहस्यमय परिस्थितियों में एक खेत में पेड़ के साथ लगाए फंदे पर झूलता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक साइंस लैबोरटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक विमल कुमार के भाई नरेश कुमार तथा अंकुश ने हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से मामले की गहनता से जांच करन की मांग की है। जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह जब लोगों तथा मृतक के परिजन ने विमल कुमार का शव पेड़ पर लटरा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचित किया। सुद्धमहादेव चौकी और चिनैनी थाना प्रभारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए।
शव को पेड़ से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए चिनैनी सीएचसी अस्पताल पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया गया है। मृतक के भाई हत्या की आशंका जता रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच की जाए ताकि सच सामने आ सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।