उधमपुर। डीसी मिंगा शेरपा ने जिले में प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए शहरी स्थानीय निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक की। डीसी ने तहसीलदारों को पीएमएवाई-यू लाभार्थियों के सभी लंबित राजस्व कागजात एक सप्ताह के भीतर निपटाने का निर्देश दिया। उन्होंने लाभ प्राप्त करने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू न करने वाले लाभार्थियों के खिलाफ वसूली की कार्यवाही शुरू करने का भी निर्देश दिया। बैठक में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त जुगल किशोर, मुख्य योजना अधिकारी उत्तम सिंह, सहायक राजस्व आयुक्त डॉ. उमेश शान भी उपस्थित थे। संवाद
प्रतिनिधिमंडल ने डीसी के सामने रखीं जनसमस्याएं
उधमपुर। एनसी के प्रतिनिधिमंडल ने उधमपुर-रियासी जोन के उपाध्यक्ष विजय खजूरिया के नेतृत्व में जिला उपायुक्त मिंगा शेरपा से मुलाकात कर उन्हें कार्यभार संभालने पर बधाई दी। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि मुद्दों पर चरणबद्ध कार्यवाही की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रशासन को पूर्ण समर्थन देगी। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ नेता एडवोकेट मोहम्मद शफी, कैप्टन पवित्र सिंह, अनितुल्लाह, ठाकुर दास, अंचल कुमार, सुरम चंद, कैप्टन बलबीर सिंह मौजूद रहे। संवाद