उधमपुर। शहर में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य की शिकायतें मिलने के बाद डीसी इंदु कंवल चिब ने शनिवार को वार्ड सात और 20 का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने समस्या से अवगत करवाया। डीसी ने अर्वन एन्वायरमेंटल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट (यूईईडी) के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए।
करीब दो वर्ष से शहर में यूईईडी की ओर से सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का कार्य जारी है। इस कारण सड़कों और गलियों की हालत बहुत ही खराब हो गई है। कई इलाकों में एक वर्ष से गलियों और सड़कों की मरम्मत नहीं की गई है। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए डीसी ने नगर परिषद चेयरमैन डॉ. जोगेश्वर गुप्ता के साथ वार्ड सात और 20 का दौरा किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि यूईईडी के कार्य से उनकी परेशानी बढ़ती जा रही है। सीवरेज लाइन बिछाने के लिए बार-बार सड़कों और गलियों को उखाड़ा जा रहा है। इसके बाद इनकी मरम्मत भी नहीं की जा रही है। यूईईडी की कार्यप्रणाली के कारण जीना मुहाल हो गया है। पार्षद ने बताया संबधित विभाग लोगों की परेशानी की तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। यूईईडी के कार्य को लेकर नगर परिषद चेयरमैन ने भी नाराजगी जताई। डीसी ने मौके पर ही यूईईडी के अधिकारियों को कार्य के साथ ही मरम्मत करने के निर्देश दिए।
देविका परियाजना के सीवरेज के कार्य को दो सप्ताह तक स्टडी करने के बाद शुक्रवार को बैठक कर पार्षदों के साथ चर्चा की है। अगर सही तालमेल और योजना के साथ काम किया जाता तो लोगों को परेशानी नहीं होती। काम का तरीका बदलना पड़ेगा। लोगों की नाराजगी सही है। नए सिरे से प्लान तैयार किया जाएगा। जब तक पार्षद मंजूरी नहीं देगा, कोई भी काम नहीं करने दिया जाएगा। नगर परिषद डिजाइनर, कांट्रेक्टर और सरकारी एजेंसी के बीच तालमेल नहीं है। इसलिए यह परेशानी सामने आ रही है। सीवरेज ट्रीटमेंट तकनीक का काम है। इसमें स्किल्ड लेबर को कम पर लगाया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। इसी कारण दिक्कत हो रही है।
- इंदु कंवल चिब, डीसी, उधमपुर