उधमपुर। राजस्व विभाग के पास जमीनों का लट्ठा मसाबी रिकाॅर्ड नहीं होने की समस्या से परेशान ब्लाॅक लाटी के सिरा पंचायत के लोगों का एक शिष्टमंडल जिला विकास आयुक्त सलोनी राय से मिला।
इसमें उन्होंने उपायुक्त को समस्या से अवगत कराया और मांग की कि जल्द से जल्द उनकी परेशानी को दूर किया जाए। इस अवसर पर शिष्टमंडल की तरफ से इस संबंध में एक ज्ञापन भी डीसी को सौंपा गया।
शिष्टमंडल की अगुवाई कर रहे पंचायत सिरा के पूर्व सरपंच मक्खन मन्हास ने बताया कि सिरा गांव में किसी की भी जमीन का लट्ठा मसाबी रिकार्ड नहीं है। तहसीलदार के पास जाते हैं तो वह कहते हैं कि आपकी जमीन का लट्ठा मसाबी नहीं है, इसलिए वह जमीनों का फर्द नहीं काट सकते हैं। उन्होंने कहा कि सिरा गांव के अलावा कुद के अपर मादा पंचायत और इसके आसपास के कई इलाकों के लाेग इस समस्या से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जमीनों का लट्ठा मसाबी रिकाॅर्ड नहीं होने के कारण लोग न तो अपनी जमीनों की खरीद फरोख्त नहीं कर सकते हैं और न ही इन जमीनों पर ऋण लेकर कोई कारोबार कर सकते हैं। इस समस्या के चलते लोगों को यह तक समझ नहीं आ रहा है कि उनकी जमीनें सरकारी हैं या मालिकी, जबकि जमीनें हमारी अपनी हैं और इन पर बने मकान भी अपने हैं। साल 2021 तक हमारी जमीनों के वसीके हाेते थे लेकिन इसके बाद इस सेवा को भी बंद कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आज हमने इस मामले के समाधान को लेकर डीसी से मुलाकात की है। डीसी ने आश्वस्त किया है कि दस दिन के भीतर एसडीएम चिनैनी और एसडीएम डुडू से इस मामले को लेकर बैठक कर इस समस्या के कारणों का पता लगाया जाएगा और इसका जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। मक्खन मन्हास ने कहा कि अगर डीसी के आश्वासन के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे इसके खिलाफ उग्र धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे।