किश्तवाड़। उपायुक्त राजेश कुमार शवन ने रोटरी इंटरनेशनल की ओर से अप्रैल के दूसरे सप्ताह में जिले में आयोजित किए जा रहे आगामी मेगा हेल्थ कैंप की व्यवस्थाओं और रसद की समीक्षा की।
इस शिविर का उद्देश्य डोडा और किश्तवाड़ में जरूरतमंद और समाज के हाशिये पर पड़े वर्गों को सर्जरी सहित मुफ्त चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है। बैठक के दौरान उपायुक्त ने दूरदराज के क्षेत्रों के निवासियों के बीच रोगियों की शीघ्र पहचान, जागरूकता अभियान और सूचना के कुशल प्रसार के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित दिनों पर जिला अस्पताल किश्तवाड़, उपमंडल अस्पतालों और निर्दिष्ट शिविर स्थानों पर रोगियों को सुचारु रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें। मुख्य चर्चा ऑपरेशन थिएटरों की तैयारी, स्वच्छता प्रोटोकॉल, प्रतीक्षा क्षेत्रों और एक सुव्यवस्थित चिकित्सा शिविर सुनिश्चित करने के लिए अन्य रसद व्यवस्थाओं पर केंद्रित थी। शिविर की सफलता सुनिश्चित करने में चिकित्सा अधिकारियों, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य अधिकारियों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विशेष ध्यान दिया गया। एडीसी पवन कोतवाल, सीएमओ डॉ. राजिंदर कुमार, मेडिकल सुपरिंडेंट डॉ. युद्धवीर सिंह कोतवाल आदि ऑनलाइन चर्चा में शामिल हुए।