किश्तवाड़। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए जेपीडीसीएल किश्तवाड़ ने बुधवार को जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जागरूकता शिविर लगाया। इसमें छत पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त राजेश कुमार शवन ने की। जेपीडीसीएल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छत पर सौर ऊर्जा प्रतिष्ठानों को बढ़ावा देना और जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच योजना के लाभों के बारे में जागरूकता फैलाना है। जेपीडीसीएल एईई सुधीर शर्मा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन दिखाते हुए कहा कि यह योजना एक से 10 किलोवाट तक है, जिसमें उपभोक्ता सौर छत स्थापित करके योजना का लाभ उठाने के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि कैसे यह पहल उपभोक्ताओं के लिए मासिक बिजली बिल को कम करने में मदद करेगी। उन्होंने विभिन्न ब्लॉकों में इसी तरह के जागरूकता शिविर आयोजित करने की योजना साझा की। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सब्सिडी घटक 38,000 रुपये से 94,800 रुपये तक प्राप्त सुविधाओं के आधार पर तय है। उपायुक्त ने इसे तहसील, ब्लॉक और उप-मंडल स्तर तक विस्तारित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चौकीदार, नंबरदार, एनवाईसी, एसपीओ सहित जिले के सभी कर्मचारी, सरकार से एक भी रुपया कमाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजना के लिए अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा।
मुख्यालय में एक जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा, जिसमें जेपीडीसीएल, विक्रेता और डीसी कार्यालय के सदस्य शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त उपभोक्ताओं की सहायता और योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए तहसील और ब्लॉक स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए जाएंगे। उपायुक्त ने सभी बैंक अधिकारियों को लोगों के कल्याण के लिए 24 घंटे के भीतर योजना से संबंधित मामलों को फास्टट्रैक करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने उल्लेख किया कि यह योजना जिले की सभी 136 पंचायतों में लागू की जाएगी। योजना के लिए अपने कर्मचारियों को पंजीकृत करने के लिए सभी अधिकारियों व डीडीओ के लिए 4 दिन, फील्ड स्टाफ के लिए 10 दिन और फ्रंटलाइन श्रमिकों के लिए 15 दिन की समयसीमा निर्धारित की। उपायुक्त ने जेपीडीसीएल अधिकारियों को घर-घर पंजीकरण सुविधाएं प्रदान करने का भी निर्देश दिया।
सत्र के दौरान यह भी बताया गया कि आईटीआई छात्रों के लिए 14 जनवरी से जम्मू में योजना का एक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जो उन्हें कॅरियर और नौकरी के अवसर प्रदान करेगा। जागरूकता शिविर में सीपीओ शाहनवाज बाली, एसीडी फुलैल सिंह, एडी एफसीएस और सीए शफकत अली कीन, डिप्टी रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव एवं ईओ एमसी किश्तवाड़ मिर्जा मुमताज इकबाल, एडी हस्तशिल्प, एक्सईएन जेपीडीसीएल, सीएचओ, डीवाईएसएसओ और बैंकिंग प्रतिनिधि उपस्थित थे।