रियासी। 24 फरवरी से श्री शिवखोड़ी धाम के आधार शिविर रनसू में लगने वाले तीन दिवसीय महाशिवरात्रि मेले को लेकर डीसी निधि मलिक ने तैयारियों का जायजा लिया।
तीन दिन तक चलने वाले मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। डीसी ने टैक्सी स्टैंड व बस स्टैंड का दौरा कर मेले के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सही रखने को कहा। आधार शिविर से प्राकृतिक गुफा तक लगने वाले लंगरों के आसपास व ट्रैक पर उचित स्थानों पर कूड़ेदान लगाने को कहा गया ताकि सफाई व्यवस्था बनी रहे। लंगरों और दुकानों पर प्लास्टिक पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी इसका इस्तेमाल करने पर कार्रवाई होगी। ट्रैक पर अतिरिक्त पब्लिक टॉयलेट बनाए जाने के आदेश दिए गए।
बिजली व पीने के पानी की भी व्यवस्था सही रखने को कहा गया। उपायुक्त ने सीएमओ को स्वास्थ्य संबंधित सुविधाएं सही रखने व ट्रैक के साथ गुफा के पास एंबुलेंस की सुविधा भी हर समय उपलब्ध रखने के आदेश दिए। रनसू की सुंदरता को बनाए रखने के लिए रंग-बिरंगी लाइट्स भी लगाई जाएंगी। श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड रनसू के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर प्रदीप कुमार के साथ मेला अधिकारी व अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।