- उपायुक्त ने जिला स्तरीय बैंकिंग समीक्षा बैठक में योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति पर दिया जोर
किश्तवाड़। जिला स्तरीय बैंकिंग समीक्षा समिति की बैठक वीरवार को उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने बैंकों को प्राथमिक क्षेत्र विशेषकर शिक्षा, आवास और सामाजिक आधारभूत संरचना में सुधार लाने के निर्देश दिए। जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक हर्ष रावल ने बैंकिंग प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही जमा राशि, ऋण वितरण, ऋण जमा अनुपात और वर्ष 2025-26 की जिला ऋण योजना के अंतर्गत प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी दी।
कृषि, पशुपालन, भेड़ पालन और पोल्ट्री क्षेत्रों में किसान ऋण कार्ड जारी करने की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया कि प्राथमिक क्षेत्र के अंतर्गत 42,925.10 करोड़ का ऋण वितरित किया गया, जो 50,479.99 करोड़ के वार्षिक लक्ष्य का 85.03 प्रतिशत है। गैर प्राथमिक क्षेत्र में 45,603.26 करोड़ का ऋण वितरण दर्ज किया गया।
उपायुक्त ने जम्मू-कश्मीर बैंक को लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए खाताधारकों का पता लगाकर पात्र दावों का निस्तारण करने के लिए कहा गया। बैठक में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त विनोद कुमार बेहनाल, मुख्य योजना अधिकारी अखिल ठाकुर, सहायक निदेशक हस्तशिल्प प्रदीप शान, मुख्य कृषि अधिकारी कुशल चंदेल, मुख्य उद्यान अधिकारी साजिद मुस्तफा उपस्थित रहे।