किश्तवाड़। बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियम के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए शनिवार को बैठक हुई। शुरुआत में सहायक आयुक्त राजस्व इदरीस लोन ने वर्तमान स्थिति पर संक्षिप्त प्रस्तुति दी। उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट की समय पर प्रस्तुति, कॉमन बायो मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट फैसिलिटी की कार्यप्रणाली, ईटीपी और एसटीपी की स्थापना, पैरामेडिकल स्टाफ की जागरूकता और प्रशिक्षण जैसे प्रमुख मुद्दों की समीक्षा की।
प्रत्येक एजेंडा बिंदु पर गहन चर्चा के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जून तक वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिए कि वे जिला अस्पताल सहित सभी ब्लॉकों में पैरामेडिकल स्टाफ के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम करवाएं। यहां अतिरिक्त उपायुक्त पवन कोतवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. युद्धवीर सिंह कोटवाल, प्रदूषण नियंत्रण समिति के निरीक्षक गुरजीत सिंह उपस्थित रहे।