डीसी ने किया गीले कचरे के लिए खाद इकाई का उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। डीसी राजेश कुमार शवन ने सोमवार को शालामार में गीले कचरे के लिए खाद इकाई का उद्घाटन किया। नवनिर्मित इकाई को लगभग 22 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है।
इसमें एक बार में 500 किलोग्राम गीले कचरे को संसाधित करने की क्षमता है। इस परियोजना को बागवानी, योजना और विपणन विभाग ने नगर परिषद किश्तवाड़ के सहयोग से विकसित किया है। डीसी ने उचित कचरा प्रबंधन के महत्व पर जोर दिया और नगर निगम अधिकारियों को घरों और प्रतिष्ठानों से गीले कचरे को इकट्ठा करने का निर्देश दिया। इस कचरे को अलग करके मूल्यवान जैविक खाद में परिवर्तित किया जाएगा।
इस खाद बनाने की पहल से किश्तवाड़ में स्वच्छ और अधिक टिकाऊ वातावरण बनाने, कचरे को कम करने और क्षेत्र में जैविक खेती प्रथाओं को बढ़ावा देने में योगदान मिलने की उम्मीद है। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने पॉलीथिन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। इसके अलावा चौगान मैदान के सौंदर्यीकरण का काम भी शुरू किया गया है। उद्घाटन समारोह में एसीडी फुलैल सिंह, ईओ नगर पालिका व उप रजिस्ट्रार सहकारी मिर्जा मुमताज इकबाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।