संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। उपायुक्त राजेश कुमार शवन ने जिले में किरू, क्वाड़, पकल दुल और रैटले जलविद्युत परियोजनाओं के तहत कौशल विकास कार्यक्रम के कार्यान्वयन की समीक्षा। इस संबंध में रणनीति बनाने के लिए शनिवार को महत्वपूर्ण बैठक की गई।
बैठक में आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण विभाग द्वारा जारी किए गए कार्यवृत्त पर बिंदुवार चर्चा की गई। इसमें जिले में कौशल विकास कार्यक्रम के कार्यान्वयन के लिए रोडमैप और रणनीति तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया गया। उपायुक्त ने परियोजना प्रबंधन इकाई के सदस्यों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। इसमें कौशल विकास पहलों के प्रभावी और समय पर निष्पादन के लिए एक संरचित रोडमैप की रूपरेखा तैयार की गई।
उन्होंने महाप्रबंधक, एनएचपीसी को निर्देश दिया कि वे अरुणाचल प्रदेश और असम में एनएचपीसी की ओर से उपयोग किए जाने वाले कार्यान्वयन मॉडल का पता लगाएं, ताकि किश्तवाड़ में भी इसी मॉडल को लागू किया जा सके। बैठक में पीओ आईसीडीएस किश्तवाड़ ऋषि कुमार शर्मा, सीपीओ शाहनवाज बाली, एडी एफसीएस एंड सीए शफकत अली कीन, एडी हस्तशिल्प प्रदीप शान, सीएमओ डॉ. राजिंदर कुमार, डिप्टी सीईओ के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।