- दिहाड़ी गांव में वार्षिक दंगल दिल्ली,पंजाब के साथ जम्मू-कश्मीर के पहलवानों ने दिखाया दम
संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। देहाड़ी गांव में रविवार को वार्षिक दंगल का आयोजन किया गया। इसमें पहली बड़ी माली और दूसरी माली की कुश्ती का मुकाबला बराबरी पर छूटा।
दंगल मे दिल्ली,पंजाब, जम्मू-कश्मीर शासित प्रदेश सहित उधमपुर, राउंडोमेल,सत्या व तागण के पहलवानों ने हिस्सा लिया। दंगल कमेटी के मुताबिक कुल 1.25 लाख रुपये की लागत से दंगल का आयोजन किया गया। दंगल देखने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे हुए थे। दंगल में पहले तीन मुकाबलों में विजेताओं के लिए क्रमश: 12,000,10,000,7,000, की इनामी राशि रखी गई थी।
पहली कुश्ती रामनगर तागण के साहिल पहलवान और उधमपुर के सलमान पहलवान के बीच हुई। 20 मिनट तक चले इस मुकाबले में दोनों पहलवानों में से कोई भी नहीं जीता और कुश्ती बराबरी पर छूटी।
दूसरा मुकाबला पंजाब के बिल्लू पहलवान और तागण दीन पहलवान के बीच हुआ। पंद्रह मिनट तक चले मुकाबले में कुश्ती बराबरी पर छूटा। तीसरी कुश्ती उधमपुर के अली पहलवान और दिल्ली के सोनू पहलवान के बीच हुई। दस मिनट तक चले इस मुकाबले में अली पहलवान ने सोनू को पछाड़कर कुश्ती जीत ली।
दंगल का आयोजन दिहाड़ी पंचायत घर के पास साधु का दबड़ में हुआ। दंगल दोपहर तीन बजे आरंभ हुआ और देर शाम आठ बजे समाप्त हो गया। दंगल के दौरान कुश्तियों के पांच मुकाबले करवाए गए। इस मौके पर यशपाल शर्मा, दंगल कमेटी के सदस्य धरम पाल दुबे, कैप्टन करतार चंद, सुरम चंद बरयाल, काकू बड़गोत्रा, राजिंदर शर्मा, पूर्व सरपंच स्वर्ण सिंह आदि मौजूद थे।