चिनैनी। चिनैनी क्षेत्र में बिगड़े मौसम का असर पड़ने लगा है। रविवार को कई स्थानों पर हुई ओलावृष्टि ने फसलों, सब्जियों और फलदार पौधों को नुकसान पहुंचाया है।
जानकारी के अनुसार रविवार की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। लेकिन ग्यारह बजते ही फिर मौसम ने करवट बदली ओर देखते ही देखते बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। इस कारण कुछ देर के लिए जनजीवन पर भी प्रभावित हुआ है। भारी ओलावष्टि से गेहूं, सब्जियों सहित फलदार पौधों को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
पंचायत कटवालत के सरपंच सोमराज गोस्वामी ने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे हुई तेज बारिश और भारी ओलावृष्टि ने फसल को तबाह कर दिया है। गेहूं की फसल और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा पौधों पर लगे फल झड़ गए हैं। पंचायत बश्ट के सरपंच सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इकाले में भारी ओलावृष्टि हुई है। इससे फसलों को भारी क्षति पहुंची है। बीते दिनों हुई बारिश वरदान साबित हुई थी, लेकिन ओलावृष्टि ने सब बरबाद कर दिया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थिति का जायजा लेकर मुआवजा देने की मांग उठाई है।