चोरों को भगवान का भी भय नहीं रहा है। रामनगर चौक स्थित पांडव मंदिर के राधा कृष्ण मंदिर से चोर रविवार की रात को दानपात्र लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह जब मंदिर के पुजारी को इसकी जानकारी मिली तो उसने पुलिस को सूचित किया। पुजारी पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि रोज समय के अनुसार मंदिर बंद करने के बाद वह घर चले गए, लेकिन सुबह जब वह मंदिर खोलने के लिए पहुंचे तो देखा कि ताले टूटे पड़े थे। मंदिर का दरवाजा भी खुला था। अंदर देखा तो दानपात्र गायब था। उन्होंने बताया कि दानपात्र में लगभग एक हजार रुपये होंगे। चोरों ने दानपात्र का ताला तोड़ पैसे निकाले और इसे मंदिर के पीछे फेंक दिया।
इसी मंदिर में दो सप्ताह पहले भी चोरी हो चुकी है। अभी तक पुलिस की ओर से उस चोरी का भी पता नहीं चल पाया है। कुछ दिन पहले चोरों ने मंदिर में रखे दानपात्र पर हाथ साफ कर दानपात्र को मंदिर के पीछे फेंक दिया था। पुजारी के मुताबिक उस समय दानपात्र में करीब पांच हजार रुपये थे। पुलिस अभी तक चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। लोग भी हैरान हैं कि चोर बार-बार इसी मंदिर को निशाना क्यों बना रहे हैं।