हायर सेकेंडरी स्कूल की आठवीं की छात्रा को प्राइमरी स्कूल में बुलाकर शिक्षक द्वारा बलात्कार करने का मामला सामने आया है। आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। तत्काल निलंबित करने के बाद उसे नौकरी से निकालने की सिफारिश की गई है।
पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार आरोपी जफर हयात निवासी जनचौक अपर प्राइमरी स्कूल जनचौक में शिक्षक है। पीड़िता एक अन्य स्कूल में आठवीं की छात्रा है। इसके पहले वह जनचौक के प्राइमरी स्कूल में ही पढ़ती थी। वीरवार दोपहर को छात्रा छुट्टी के बाद स्कूल से लौट रही थी।
उसके घर के रास्ते में ही अपर प्राइमरी स्कूल जनचौक पड़ता है। इसी दौरान आरोपी शिक्षक जफर ने छात्रा को स्कूल में बुलाया। उसने छात्रा को बताया कि वह कहीं और जा रहा है, इसलिए स्कूल के कमरों की चाबियां उसके घर पहुंचा दे। शिक्षक के कहने पर छात्रा स्कूल में चली गई, जहां शिक्षक ने दुष्कर्म किया।
परिवार वालों का कहना है कि जब छात्रा शाम सात बजे तक घर नहीं पहुंची तो उसकी खोजबीन शुरू की गई। जब वह अपर प्राइमरी स्कूल जनचौक में पहुंचे तो उन्हें एक कमरे में किसी के होने का शक हुआ। कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो छात्रा को उसमें पाया गया। तब तक आरोपी शिक्षक खिड़की में लगे जाल को तोड़कर फरार हो गया था।
परिवार के लोगों ने बनिहाल पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। शिकायत के बाद आरोपी शिक्षक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उप जिला अस्पताल बनिहाल में छात्रा की मेडिकल जांच कराई गई। इसके साथ ही मुंसिफ कोर्ट बनिहाल में पीड़ित छात्रा के बयान दर्ज कराए गए हैं। पुलिस ने आरोपी पर छेड़छाड़ और बलात्कार का केस दर्ज कर लिया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी रामबन मोहम्मद शरीफ चौहान ने बताया कि आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव के साथ निलंबित कर दिया गया है। ऐसी घटना समाज को कलंकित करने वाली है। उन्होंने बताया कि शिक्षक को बर्खास्त करने के लिए शिक्षा निदेशक जम्मू को सिफारिश भेजी गई है। इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।