रामबन/उधमपुर। बगलिहार पावर प्रोजेक्ट का काम खत्म होने के बाद के लाभ (सेवानिवृत्ति लाभ) नहीं दिए जाने से खफा वर्कर्स शनिवार को भी आंदोलन पर रहे। वर्कर 12 नवंबर से आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि हक के लिए वह मामले को हाईकोर्ट तक ले जाएंगे। वर्कर्स का यह आंदोलन पावर हाउस के पास ही चल रहा है। इसमें करीब पंद्रह सौ वर्कर्स हिस्सा ले रहे हैं।
कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति का लाभ दिए बिना कंपनी के वापस लौट जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों के धरने में शामिल होकर पैैंथर्स पार्टी ने भी समर्थन किया है। पार्टी के राज्य प्रधान बलंवत सिंह मनकोटिया शनिवार को चंद्रकोट पहुंचकर वर्करों के आंदोलन में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि जब से नई सरकार वजूद में आई है तब से पूंजीपतियों का राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि चिनाब हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के इस संघर्ष को पार्टी पूरा समर्थन देगी। इसे चंद्रकोट की सड़क से दिल्ली तक ले जाया जाएगा। आंदोलनकारियों को इनका हक दिलाया जाएगा।
चिनाब हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के प्रधान नासिर अली ने कहा कि कंपनी के इस जुल्म को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। काम खत्म होने के बाद निकाले गए कर्मचारियों को बिना बताए कंपनी भाग गई, लेकिन हक लिए बिना यूनियन पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने कहा कि कंपनी के इस व्यवहार से यह साबित होता है कि इन पूंजीपतियों को केंद्र सरकार और राज्य सरकार का संरक्षण प्राप्त है। इस मौके पर पैंर्थस पार्टी के जगदेव सिंह, शकील वानी, विजय कुमार, सुभाष सिंह, सेवा सिंह वाली, गिरधारी लाल आदि शामिल थे।