सेना और पुलिस ने डोडा जिले के ठाठरी तहसील अंतर्गत पड़ने वाले सुरंथावा के जंगल में एक आतंकी ठिकाने के ध्वस्त कर भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया। बरामद हथियार पुराने प्रतीत हो रहे हैं। दरअसल, सेना और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान सुरंथावा के जंगल में सुरक्षा बलों को एक आतंकी ठिकाना मिला।
पड़ताल करने पर वहां से एक एके-56 राइफल, दो चायनिज पिस्टल, एक देसी पिस्टल, सात एके-56 मैगजीन, चार पिस्टल मैगजीन, एक पिका बेल्ट बाक्स, चार यूबीजीएल शैल, पांच चायनिज हैंड ग्रेनेड, 1699 एके-47 राउंड, 7.62 एमएम के 1340 राउंड, पिस्टल के दस राउंड, एक नाइट विजन डिवाइस, एक कैमरा, दस टेपरिकार्डर्स सेट, एक खाने वाली प्लेट, कंबल आदि बरामद किए गए।
इस संबंध में डोडा के एसएसपी ने कहा कि डोडा जिले को पहले ही आतंकवाद मुक्त घोषित किया जा चुका है। बरामद हथियार पुराने हैं। इससे यह प्रतीत होता है कि इन हथियारों को छुपा रखने वाले आतंकी या तो मारे जा चुके हैं, या फिर भाग गए हैं। बता दें कि पिछले वर्ष इस तरह के चार आतंकी ठिकाने ध्वस्त किए गए थे।