गणतंत्र दिवस समारोह में खलल डालने के लिए सीमा पार से घुसपैठ कर पांच से छह आतंकी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। आतंकियों के निशाने पर जम्मू-पठानकोट रेलवे ट्रैक सहित सांबा एसएसपी कार्यालय और सांबा औद्योगिक कारखाने हो सकते हैं। सूचनाओं के मिलने से खुफिया तंत्र और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई हैं।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक पांच से छह आतंकी भारतीय सीमा में घुसपैठ कर बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। निशाने पर मुख्यत: सांबा जिला और जम्मू-पठानकोट रेलवे ट्रैक है। इसके लिए डोडा से बट्टल होते हुए सांबा जिले में आतंकियों के घुसने का इनपुट है।
आतंकी डोडा के मरमत से होते हुए चिनैनी के बांई मार्ग का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आतंकियों द्वारा 25 जनवरी तक वारदात को अंजाम देने की पुख्ता सूचनाएं खुफिया एजेंसियों के हाथ लगी हैं। खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट में आतंकियों ने एसएसपी कार्यालय, सांबा औद्योगिक क्षेत्र के साथ हीरानगर पुलिस पोस्ट को निशाना बनाने की साजिश रची है। गौरतलब है कि आतंकी इससे पहले भी सांबा और पठानकोट में हमले कर चुके हैं।