अरनास तहसील के दूरदराज क्षेत्र खनीकोट के ग्रामीणों को दिया जाने वाला राशन किसी अन्य स्थान से बरामद किया गया। बताया जाता है कि खनीकोट के ग्रामीणों को दिए जाने वाले राशन की 25 बोरियां बीच रास्ते में स्थित मोड़ा गुसाई के एक स्थान पर रखी हुई पाई गई।
लोगों के अनुसार यह राशन खनीकोट के ग्रामीणों को दिया जाना था, लेकिन वहां के डीलर ने इसको बीच रास्ते में ही कहीं पर बेच दिया। बताया जाता है कि खनीकोट के लोगों को दिया जाने वाला राशन वाहन के जरिये कुलाली तक लाया जाता है। इसके आगे राशन की सप्लाई घोड़ों और खच्चरों के द्वारा की जाती है।
कुलाली से कुछ दूरी पर राशन की बोरियों के बरामद होने के बाद लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है। इस मामले मे एसएचओ अरनास रोमाल सिंह का कहना है कि राशन की बोरियों को बरामद होने के बाद जांच के लिए आईओ को नियुक्त किया है। दूरदराज का इलाका होने के कारण थोड़ी परेशानी आ रही है।
वहीं तहसील सप्लाई आफिसर मो. याकूब ने बताया कि राशन की सप्लाई खनीकोट में भेजी गई थी। रास्ते में राशन की बोरिया मिलना कोई बड़ी बात नहीं है। पहाड़ी क्षेत्रों में राशन की ज्यादातर सप्लाई ढोकर ही होती है। हो सकता है कि डीलर द्वारा वहां पर राशन आगे ले जाने के लिए ही रखा हो फिर भी इसका पता लगाने के लिए कर्मचारी तैनात किया गया है।