आर्मी स्टोर से लाखों की नकदी ले उड़े चोर
गोल मार्केट इलाके का मामला : पुलिस खंगाल रही होटल की सीसीटीवी फुटेज
अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर। शहर के गोल मार्केट इलाके में मंगलवार देर रात को चोरों ने आर्मी स्टोर को निशाना बनाकर लाखों की नकदी पर हाथ साफ कर लिया। दुकान के मालिक को सुबह के समय इसकी जानकारी मिली और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों को पकड़ने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुकान के साथ के होटल की सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला है।
आर्मी स्टोर के मालिक अंकुश ने बताया कि मंगलवार रात को दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब दुकान खोली तो अंदर सामान सामान बिखड़ा पड़ा था। जब तिजोरी और गल्ले की जांच की तो पता चला कि चोर करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी ले उड़े हैं। अंकुश ने बताया कि चोर पहली मंजिल पर मौजूद स्टोर से दुकान के अंदर पहुंचे थे। चोर होटल के रास्ते स्टोर तक पहुंचे थे। स्टोर के अंदर प्रवेश करने के लिए चोरों ने खिड़की को तोड़ा और फिर स्टोर से होकर दुकान के अंदर पहुंच गए। दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस की टीम गोल मार्केट में पहुंची। पुलिस ने पहले अच्छी तरह से दुकान और स्टोर की जांच की। इसके बाद पुलिस होटल में पहुंची और होटल के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने लगी। पुलिस की तरफ से सीसीटीवी के जरिए ही सुराग तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा कई लोगों से पूछताछ भी की है।
चोरों को जल्द पकड़ने की मांग
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि चोरों ने एक बार फिर से अपनी मौजूदगी का एहसास करवाया है। इससे पहले भी चोरों ने कई दुकानों को अपना निशाना बनाया है और पुलिस चोरों का कुछ पता नहीं लगा सकी है। इसलिए उनकी मांग है कि पुलिस चोरों को जल्द से जल्द पकड़ कर मामले को सुलझाए।