उधमपुर। रैंबल थाना क्षेत्र के गरनई इलाके में रविवार दोपहर को ट्रक की बेक्र फेल होने पर चालक व सह चालक ने ट्रक से बाहर छलांग लगा दी। इस दौरान ट्रक के नीचे आने से चालक की मौत हो गई। उधर आसपास के लोगों ने घायल सह चालक को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर करीब ढाई बजे जम्मू से उधमपुर की तरफ आ रहा ट्रक नंबर पीबी08-9847 जैसे ही गरनई इलाके में पहुंचा तो अचानक ट्रक की बेक्र फेल हो गई। जब इसका पता चालक व सह चालक को लगा तो दोनों ने चलते ट्रक से छलांग लगा दी। कंडक्टर तो नीचे गिर कर घायल हो गया, लेकिन चालक कमलजीत निवासी शाहपुर पंजाब चलते हुए ट्रक के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया जाएगा।