उधमपुर। ड्रग्स और नारकोटिक्स के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखते हुए जिला पुलिस उधमपुर ने नाका प्वाइंट टिकरी पर 17.67 ग्राम तस्करी हेरोइन जैसे पदार्थ को बरामद कर दो अंतर जिला नार्को तस्करों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस चौकी टिकरी ने नाका प्वाइंट टिकरी पर नियमित वाहन जांच के दौरान जेके01एस 8557 नंबर की एक टवेरा वाहन को चेकिंग के लिए रोका, जो जम्मू से कश्मीर घाटी की ओर आ रहा थी। उक्त वाहन के यात्रियों एवं चालक की तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने दो नार्को तस्करों (यात्रियों) से 17.67 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान आबिद हुसैन निवासी सोफ शाली, अनंतनाग और मोहसिन मोइद्दीन निवासी न्यू कॉलोनी अनंतनाग के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस स्टेशन रेहंबल में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।