रोष प्रदर्शन के बाद मार्ग पर बैठे मृतक युवक के परिजन।
- फोटो : रोष प्रदर्शन के बाद मार्ग पर बैठे मृतक युवक के परिजन।
रामनगर। डाग बंगला मार्ग पर बाइक की टक्कर में घायल हुए विपिन कुमार की जम्मू जीएमसी में उपचार के दौरान सोमवार रात को मौत हो गई।
परिजनों ने मंगलवार शाम चार बजे शव के साथ थाने के बाहर रोष प्रदर्शन किया और बाइक सवार के खिलाफ कड़ी करवाई करने की मांग की। मौके पर पहुंचे डीएसपी मनजीत सिंह और थाना प्रभारी सुरेश्वर सिंह ने परिजनों को आश्वासन दिया कि पुलिस कार्रवाई कर रही है लेकिन परिजन पुलिस हिरासत में रखे गए हादसे को अंजाम देने वाले बाइक सवार युवक को सामने लाने की मांग करते रहे। प्रदर्शनकारियों के न मानने पर पुलिस ने परिजनों को युवक का चेहरा दिखाया, तब जाकर माहौल शांत हुआ। इस दौरान रामनगर मार्ग लगभग एक घंटे तक बाधित रहा। गौरतलब है कि 17 जनवरी की शाम के समय विपिन कुमार बस अड्डे से डाक बंगला की तरफ पैदल जा रहा था। अचानक तेज गति से आई बाइक ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने युवक को उप जिला अस्पताल रामनगर में इलाज के लिए पहुंचाया।
तीन बहनों का इकलौता भाई था विपिन
विपिन कुमार एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था। इसका पिता मजदूरी करता है। तीन बड़ी बहनें हैं। उनका यह इकलौता भाई था। विपिन कुमार सरकारी डिग्री कॉलेज रामनगर में पढ़ाई कर रहा था और रामनगर डाग बंगला के पास ही रहता था। जिस दिन विपिन हादसे का शिकार हुआ, उस दिन मां अपने बेटे की लंबी आयु के लिए व्रत रखे हुए थी। उसे क्या पता था कि आज यह दिन देखना पड़ेगा।