कटड़ा। धर्मनगरी में यात्री गाइड की हत्या के बाद पुलिस सख्त हो गई है। रविवार को पुलिस ने यात्री गाइड की कुंडली खंगालना शुरू कर दी है। इस दौरान उन्हें थाने बुला कर जहां दस्तावेज की जांच की जा रही है और वहीं यात्रियों को परेशान नहीं करने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी कटड़ा सुनील शर्मा ने बताया कि कटड़ा में टूरिस्ट गाइड का कार्य करने वाले लोगों को पुलिस स्टेशन में बुलाकर जांच की जा रही है। इसके अलावा उनके संबंधित थानों से भी उनकी रिपोर्ट मंगवाई जा रही है। इस सख्ती का उद्देश्य अपराध पर लगाम लगाना है। जांच के बाद उन्हें हिदायत दी जाएगी, ताकि धर्मनगरी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। सनद रहे शुक्रवार देर रात कस्बे के अपर बाजार में एक यात्री गाइड की चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई थी। इस कारण पुलिस कस्बे में कार्य कर रहे यात्री गाइड का रिकार्ड खंगालने में जुट गई है।
स्थानीय होटल व्यवसायियों पूर्ण सिंह, करण सिंह, रामेश्वर शर्मा, संजय कुमार व विजय कुमार का कहना है कि धर्मनगरी आने वाले श्रद्धालु गाइड के शोरशराबे से परेशान हो जाते हैं। इसका गलत असर पड़ता है। स्थानिए पुलिस को चाहिए की इन सभी की जांच करने के साथ ही सख्त हिदायतें देनी चाहिए।