उधमपुर। शहर के जखैनी इलाके से पुलिस ने शुक्रवार देर रात को ट्रक से 25 मवेशियों को बरामद कर ट्रक चालक को मवेशियों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए मवेशियों को नगर परिषद के पशु बाड़े में रखा गया है। हिंदू जागरण मंच की तरफ से मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था की गई है।
जानकारी अनुसार देर रात को एक ट्रक जब जखैनी इलाके में पहुंचा तो पुलिस ने संदेह होने पर उसको तलाशी के लिए रोका। जब ट्रक की तलाशी ली गई तो उसके अंदर से करीब 25 मवेशी बरामद हुए। पुलिस ने उसी समय ट्रक के चालक जफर अहमद निवासी अनंतनाग को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचाया। सभी मवेशियों को नगर परिषद की तरफ से नए सिरे से तैयार किए गए पशु बाड़े में रखा गया। मवेशियों के पकड़े जाने की सूचना मिलने पर हिंदू जागरण मंच के उधमपुर के प्रभारी रोहित सेठी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और इनकी तरफ से मवेशियों के लिए चारे और पानी की व्यवस्था की गई। हिंदू जागरण मंच के सदस्यों का कहना था कि पुलिस को मवेशियों की तस्करी करने वालों को पकड़ने के लिए अभियान को और तेज करना चाहिए। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज आगे की जांच शुरू कर दी है।