उधमपुर। बार एसोसिएशन के दल ने प्रधान एडवोकेट जेडी सलाथिया की अध्यक्षता में मुख्य न्यायधीश ताशी रबस्तान से मुलाकात की और उन्हें जिला कचहरी परिसर उधमपुर से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया।
एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट सुरेंद्र खजूरिया ने वकीलों को पेश आ रही समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि कोर्ट परिसर उधमपुर में सफाई व्यवस्था को लेकर कोई प्रबंध नहीं किए गए हैं। इससे वकीलों सहित अपनी अर्जी लेकर आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कोर्ट परिसर में वकीलों के बैठने के लिए चैंबर्स की भी व्यवस्था न होने की वजह से वकीलों को जैसे-तैसे काम चलाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर की नई इमारत को लेकर शहर के बाहर गरनेई में भूमि का चयन किया गया है। वकील चाहते हैं कि कोर्ट परिसर का निर्माण नगर परिषद के दायरे में या फिर शहर के बीच में करवाया जाए ताकि वकीलों सहित दूरदराज से आने वाले विभिन्न ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि कोर्ट का रिकार्ड रूम ग्राउंड फ्लोर पर बनाया गया है, जिससे बारिश के दिनों में वहां पर पानी जमा हो जाता है और रिकार्ड खराब होने का खतरा बना रहता है, इसलिए रिकार्ड रूम को टाॅप फ्लोर पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए ताकि सभी रिकार्ड सुरक्षित रह सके। मुख्य न्यायाधीश ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही कोई उचित कदम निकाले जाएंगे और वह खुद जल्द ही उधमपुर का दौरा कर व्यक्तिगत रूप से सभी से मिलेंगे।
फोटो सहित