धमपुर। कोरोना ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में भी दस्तक दे दी है। शहर के गोल मार्केट इलाके में मौजूद सीएमओ कार्यालय में सीएमओ सहित तीन डाक्टर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनके संक्रमित पाए जाने के बाद प्रशासन ने सीएमओ कार्यालय के पास मौजूद मार्केट को बंद करवा दिया है। इन दुकानों को अब वीरवार को सैनिटाइज करने के बाद खोला जाएगा।
शहर के अंदर कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और अब तो कोरोना पर लगाम लगाने वाले डाक्टर भी संक्रमित पाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बुधवार को सीएमओ कार्यालय में टेस्टिंग की गई और जब इनकी रिपोर्ट आई तो सीएमओ सहित तीन डाक्टर कोरोना संक्रमित पाए गए। इसकी जानकारी मिलने के बाद पूरा स्टाफ चिंतित हो गया। हालांकि अच्छी बात यह रही कि बाकी के सभी कर्मचारियों व डाक्टरों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत एक टीम का इंतजाम कर पूरे कार्यालय को सैनिटाइज किया और इसके बाद प्रशासन को जब इसकी जानकारी मिली तो सीएमओ कार्यालय के नजदीक दस से अधिक दुकानों को तुरंत बंद करने के आदेश जारी कर दिए। सभी दुकानदारों को तुरंत कोरोना टेस्ट करवाने के दिशा निर्देश दिए गए। एक-एक कर सभी दुकानों को बंद करवा दिया गया।
इन दुकानों को सैनिटाइज करने के बाद ही खोलने की अनुमति मिलेगी। हालांकि कुछ लोगों ने अफवाह फैला दी कि सीएमओ कार्यालय में पांच से अधिक कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. मोहम्मद यासीन ने कहा कि पांच से अधिक मामले सामने की गलत अफवाह फैलाई गई है। सीएमओ कार्यालय में केवल तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं।