उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से सोमवार को जिला अस्पताल और विभिन्न क्वारंटीन सेंटर में कुल 197 लोगों के कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लेकर कमांड अस्पताल भेजे गए। विभाग को अब रिपोर्ट का इंतजार है।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल में हर रोज यात्री वाहन के चालकों, दुकानदारों और कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में रहने वाले लोगों के कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। सोमवार सुबह नौ बजे कसे स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सैंपल लेना शुरू कर दिया था। शाम तक यह टीम सैंपल लेती रही। शाम तक चली प्रक्रिया में कुल 147 लोगों के सैंपल लिए गए।
वहीं, मोबाइल टीमों ने विभिन्न क्वारंटीन सेंटर जाकर लोगों के सैंपल लिए। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार क्वारंटीन के 14 दिन पूरे होने के बाद व्यक्ति का कोरोना टेस्ट करवाया जाता है और रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही उसको घर जाने की अनुमति दी जाती है। मोबाइल टीमों ने शाम तक 55 लोगों के कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिए थे। शाम तक कुल 197 लोगों के सैंपल लेकर मिलिट्री अस्पताल भेज दिए गए थे।