उधमपुर। छुट्टी के चलते रविवार को कम संख्या में ही लोगों का टीकाकरण हो सका। शाम तक शहर व ग्रामीण इलाकों में कुल 1630 लोगों को ही वैक्सीन लग सकी है। सोमवार को वैक्सीन लगवाने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
पिछले कुछ दिनों से वैक्सीन लगवाने वाले लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। हर रोज पांच हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही थी, लेकिन रविवार को अचानक से इनकी संख्या में कमी आ गई। इसका एक कारण रविवार की छुट्टी होना है। छुट्टी के दिन वैक्सीन लगाने वाले सेंटर कम ही खोले गए और इसी कारण कम लोगों को वैक्सीन लग सकी।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आठ फ्रंट लाइन वर्कर्स को दूसरी डोज, 18 से 44 आयु वर्ग में 937 लोगों को पहली डोज, 45 से 60 आयु वर्ग में 147 लोगों को पहली और 387 को दूसरी डोज, 36 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 115 को दूसरी डोज लगाई गई है। जो सेंटर खोले गए थे, उनमें सुबह से लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच गए थे। कई लोगों ने लाइनों में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया और वक्सीन लगवा कर ही घर लौटे।