उधमपुर। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर टीचर्स एसोसिएशन की बैठक का आयोजन रविवार को प्रदेश प्रधान भूपिंद्र सिंह के नेतृत्व में हुआ, जिसमें लंबित मांगों को लेकर चर्चा की गई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबित मांगों को पूरा करवाने के लिए सभी कर्मचारी संगठनों को एक मंच पर एकजुट होकर संघर्ष करना चहिए। एकजुट होने के बाद ही सरकार कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेगी।
बैठक में भूपिंद्र सिंह ने कहा कि पिछले कई वर्षों से अलग-अलग विभागों में काम कर रहे अस्थायी कर्मचारी स्थायी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और कई शिक्षक व कर्मचारी वेतन व पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार कर्मचारियों के हित में कोई भी फैसला नहीं ले रही है। इसलिए समय आ गया है कि कर्मचारी संगठनों के सभी पदाधिकारी एक मंच पर आएं और लाखों कर्मचारियों के हित में बड़ा आंदोलन शुरू करें।