उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में कोरोना संक्रमित लोगों के पाए जाने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। शाम तक जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में 27 लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके थे। इनके संपर्क में रहने वाले 50 से अधिक लोगों को होम क्वारंटीन कर लिया गया था और इनके कोरोना टेस्ट भी करवाए गए थे। शाम तक 18 लोग कोरोना को मात देने में भी कामयाब हो गए थे।
जिले में कोरोना संक्रमण मामलों की संख्या में बढ़ोतरी लगातार जारी है। हर रोज 20 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं और बीच में कुछ लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत भी हो रही है। मामले बढ़ने के साथ स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना टेस्ट करने की प्रक्रिया में भी तेजी लाई है। लेकिन इसके बावजूद मामलों में बढ़ोतरी जारी है। मंगलवार केे कुल 21 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे।
इसके साथ 59 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे थे। बुधवार को 27 संक्रमण के मामले सामने आए। मंगलवार के मुकाबले में बुधवार केे छह अधिक लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसकी सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने इनके संपर्क में रहने वाले लोगों का पता लगाना शुरू कर दिया और शाम तक करीब 50 लोगों का पता लगा कर सबको होम क्वारंटीन कर लिया था और इनके जिला अस्पताल में कोरोना टेस्ट भी करवाए जा चुके थे। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 3884 हो गए हैं। इनमें से 3419 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 52 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है और 413 संक्रमण के सक्रिय मामले मौजूद हैं। इनमें से 381 लोगों को होम आइसोलेशन पर रखा गया है।