रामबन। कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उखराल से विशेष उपचार के लिए जिला अस्पताल रामबन के कोविड केयर सेंटर (सीसीसी) रेफर किया गया, जिसने शनिवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम के कारण एंबुलेंस में ही स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है।
जानकारी के अनुसार हिंगनी रामसू की एक गर्भवती महिला को पीएचसी उखराल लाया गया था, जहां शनिवार को वह संक्रमित पाई गई।
बाद में उसे जिला अस्पताल रामबन रेफर किया गया, जो उखराल से लगभग 25 किलोमीटर दूर है। महिला को 108 एंबुलेंस के जरिये लाया जा रहा था, लेकिन हाईवे पर रामसू और रामबन सेक्टर के बीच ट्रैफिक जाम में वाहन फंस गया। इस बीच महिला को गंभीर प्रसव पीड़ा हुई और एंबुलेंस में एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। मां और नवजात दोनों ठीक हैं। बाद में जिला अस्पताल रामबन के ट्रॉमा सेंटर में स्थापित 20 बिस्तरों वाले कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया है।