उधमपुर के बिरमा इलाके में बीआरओ की तरफ से तैयार किया गया दूसरा बैली पुल
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। दो सप्ताह काम करने के बाद भी बीआरओ को अभी तक दूसरे बैली पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू करने में कामयाबी नहीं मिली है। अभी भी एक ही पुल पर वाहनों की आवाजाही चल रही है और इससे जाम की परेशानी बन रही है। हालांकि बीआरओ की अधिकारियों का कहना है कि पुल बनाने का काम पूरा हो चुका है। संपर्क मार्ग पर तारकोल डालने का काम करना बाकी है। इसके पूरा होने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी।
शहर के बिरमा इलाके में सात महीने से स्थायी पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद बंद पड़ा है और वाहनों की आवाजाही एक बैली पुल के सहारे चल रही है। पुल पर एक समय में एक तरफ से ही वाहन चल सकते हैं। दूसरी तरफ से वाहनों को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ता है और इससे बार बार जाम की स्थिति बनती है। इसी कारण करीब सात महीने से बिरमा इलाके में वाहनों की आवाजाही प्रभावित है और इसके कारण शहरवासियों को बहुत ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पुल पर बसों की आवाजाही को भी बंद रखा गया है। बसों को फ्लाटा के रास्ते फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर शहर पहुंचना पड़ता है और इसी रूट से जम्मू, कटड़ा, पंचैरी, लांदर की तरफ आवाजाही करती है। जाम की परेशानी को दूर करने के लिए बीआरओ ने दो सप्ताह पहले दूसरे पुल का काम शुरू किया था। पुल को तो एक सप्ताह में तैयार कर दिया गया था, लेकिन संपर्क तैयार करने और तारकोल डालने के कार्य के चलते अभी तक इसमें वाहनों की आवाजाही को शुरू नहीं किया जा सकता है। मौजूदा समय में संपर्क मार्ग भी तैयार कर दिया गया है। संपर्क मार्ग पर सुरक्षा दीवार भी तैयार कर दी गई है, लेकिन भी तारकोल डालने का काम करना बाकी है। 35 बीआरटीएम के कमांडर एच मूर्ति का कहना है कि काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। तारकोल डाले जाने के बाद पुल उद्घाटन के लिए तैयार हो जाएगा। सप्ताह के अंदर इसका उद्घाटन कर दिया जाएगा।