चिनैनी। देश सहित प्रदेश में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतर आई है। शनिवार को चिनैनी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर बढ़ती महंगाई को काबू पाने पर जोर दिया। इस दौरान कहा कि केंद्र सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई है।
कांग्रेस के जिला प्रधान कृष्ण चंद्र भगत के नेतृत्व में चिनैनी में प्रदर्शन हुआ, जिसमें युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रधान उदयभानु विशेष रूप से मौजूद रहे। नेताओं ने निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर काबू पाने में असमर्थ है, जिस कारण लोगों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से लोगों का बजट गड़बड़ा गया है। पेट्रोल-डीजल के दाम में भी अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोगों को जीना मुहाल हो गया है। टैक्स लगाने से आम लोगों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने महंगाई पर अंकुश नहीं लगाया तो आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर मोहम्मद अब्बास, ओंकार पुजारी, मोही दीन, कस्तूरी लाल, ओम प्रकाश आदि मौजूद रहे।