उधमपुर के आदर्श कालोनी में पीओजेके शहीदों की याद में दीये जलाते शहरवासी व विस्थापित परिवार
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। पीओजेके समिति ने मंगलवार को आदर्श कॉलोनी मोहल्ले में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया। इसमें 1947 में पीओजेके में शहीद हुए परिवारों को दीये जला कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. जोगेश्वर गुप्ता भी मौजूद थे।
नप उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा के नेतृत्व में शाम करीब छह बजे कार्यक्रम की शुरूआत की गई। सभी ने शहीदों की याद में दीये जलाए और उनकी शहादत को याद किया। इसके बाद एक वृत्तचित्र भी दिखाया गया, जिसमें वर्ष 1947 में हुई घटना की पूरी जानकारी दी गई। सुरेंद्र सिंह खालसा ने बताया कि पीओजेके शहीदों की याद में 21 से 27 अक्तूबर तक श्रद्धांजलि व स्मृति सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी के तहत कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1947 में जब जम्मू-कश्मीर के भारत के साथ विलय की प्रक्रिया शुरू की गई तो उसी दौरान पाकिस्तान के सैनिकों ने कबाइलियों के रूप में पीओजेके पर हमला कर दिया, और हजारों लोगों की हत्या कर दी। हजारों इसमें बच गए और जम्मू कश्मीर के अन्य इलाकों में जाकर बस गए। इस घटना को कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहादत देने वाले परिवारों के साथ शहीद होने वाले भारतीय सैनिकों को भी याद किया जा रहा है।