यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ स्वच्छता को मिलेगा बढ़ावा
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए नरसू ब्लाॅक के नरसू नाला क्षेत्र में जल्द सामुदायिक स्वच्छता परिसर का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की तरफ से इस योजना पर तीन लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस काम की निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस सामुदायिक स्वच्छता परिसर के बनने से राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों, खासकर महिला यात्रियों और स्थानीय लोगों को शौचालय की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में भी लाभ मिलेगा।
स्थानीय यशपाल सिंह, सुभाष चंद्र, नरेश शर्मा, संदीप कुमार आदि का कहना है कि राजमार्ग से गुजरते समय नरसू नाला क्षेत्र में कई यात्री वाहन रुकते हैं लेकिन वहां सार्वजनिक शौचालय की उचित व्यवस्था न होने से उनको काफी परेशानी पेश आती है। यह समस्या स्थानीय दुकानदारों को भी परेशान करती है।
खुले में शौच आदि से क्षेत्र का वातावरण भी दूषित होता है। ऐसे में यहां सामुदायिक स्वच्छता परिसर बनाने की जरूरत काफी समय से महसूस की जा रही है। इसके बनने से यात्रियों और स्थानीय लोगों की समस्या का समाधान होगा और क्षेत्र के वातावरण की स्वच्छता भी सुनिश्चित होगी।
-कोट-
नरसू नाला क्षेत्र में सामुदायिक स्वच्छता परिसर बनाने के लिए निविदा जारी हो गई है। इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसका आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।-
मो. अनवर, एक्सईएन, ग्रामीण इंजीनियरिंग विंग, उधमपुर।