संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। बस अड्डे के पास सड़क किनारे चल रही महिला को सोमवार को एक बाइक सवार ने टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला की पहचान शीलो देवी (60) पत्नी पूरखू राम निवासी दंदयाल इंद्र कॉलोनी उधमपुर के रूप में हुई है। उधर, पुलिस ने बाइक सवार को हिरासत में ले लिया है।
घायल महिला की ननद सावित्री देवी ने बताया कि उनका भाई बीमार है और रामनगर अस्पताल में दाखिल है। सोमवार सुबह वह अपनी भाभी शीलो देवी के साथ उधमपुर से बस में बैठकर रामनगर की ओर रवाना हुए। लगभग 11:30 बजे वह रामनगर बस अड्डे पर उतरे और अस्पताल की तरफ चलने लगे। बस अड्डे से थोड़ी ही दूर पहुंचे थे कि तेज गति से बाइक (जेके14एल 2562) पर आ रहे एक युवक ने उसकी भाभी को टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने घायल हालत में उसकी भाभी को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उसे जीएमसी उधमपुर भेज दिया। उन्होंने बताया कि जब हादसा हुआ, रामनगर बस अड्डे पर कोई पुलिस कर्मी नजर नहीं आया। कहा कि बाइक सवार इतनी तेज गति से वाहन चलते हैं लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती।
उधर, हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। उसकी पहचान सुनील कुमार निवासी जोफड़ गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने बाइक भी जब्त कर ली है। थाना प्रभारी पुष्पा देवी ने कहा कि जो युवक तेज गति से बाइक चलाते हैं, उनके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से आए दिन नाका लगाकर कार्रवाई भी की जाती है। लोगों से शिकायतें मिल रही हैं कि कस्बे में कई युवक बाइक पर स्टंट भी कर रहे हैं, इन हुड़दंगी बाइक सवारों पर पुलिस सख्ती बरतेगी।