उधमपुर: देविका तट पर बने श्मशान घाट में फैली गंदगी.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर में शुक्रवार देर रात बारिश होने से देविका श्मशान घाट गंदगी से भर गया है। इससे शहरवासियों में रोष है। उनका कहना है कि देविका को प्रदूषण मुक्त करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च हो चुके हैं। लेकिन, अब तक न देविका प्रदूषण मुक्त हुई और न श्मशान की हालत सुधरी।
2021 में बरसात के दौरान देविका नदी का जलस्तर बढ़ने पर श्मशान घाट से कुछ शव बह गए थे। इसके बाद शहरवासियों ने देविका परियोजना की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। बाद में श्मशान घाट के दोनों ओर लोहे की ग्रिल लगाई गई। लेकिन, एक वर्ष में ही ग्रिल क्षतिग्रस्त हो गई, और देर रात को हुई बारिश के दौरान फिर से देविका नदी का जलस्तर बढ़ा और श्मशान घाट के दोनों तरफ गंदगी जमा हो गई। यह सारी गंदगी देविका नदी से निकल कर जमा हुई। सुबह जब शहरवासियों ने श्मशान और देविका नदी की हालत देखी तो भड़क गए। सोमराज, विशाल, आदि ने कहा कि देविका नदी को प्रदूषण मुक्त करने को लेकर तीन साल में 187 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। लेकिन, काम कितना दुरुस्त हुआ है, थोड़ी सी बारिश बता देती है। शुक्रवार रात भी देविका की गंदगी श्मशान के किनारे जमा हो गई है।
उन्होंने कहा कि लोहे की ग्रिल फिर से क्षतिग्रस्त हो गई है। अगर किनारे पर किसी शव का संस्कार हो रहा हो और तेज बारिश हो जाए तो शव बहने की पूरी संभावना है। नगर परिषद व जिला प्रशासन को इसको गंभीरता से लेकर श्मशान घाट की मरम्मत करवाए। इसके साथ देविका नदी को भी प्रदूषण मुक्त करने को लेकर जरूरी कदम उठाए। वहीं, शहरवासियों के रोष की जानकारी मिलने पर वार्ड 10 के पार्षद अनिल अरोड़ा मौके पर पहुंचे, और किनारे की सफाई जल्द करवाने का आश्वासन देकर सबको शांत किया।