कटड़ा। धर्मनगरी सहित त्रिकुटा पर्वत पर चार दिन से रुक-रुक कर बारिश का क्रम जारी है। बुधवार को त्रिकुटा पर्वत पर बारिश होने और धुंध छाने से सुबह कुछ उड़ाने भरने के बाद दिनभर चॉपर सेवा प्रभावित रही। इस कारण ऑनलाइन पंजीकरण करवाने वाले भक्तों को सेवा का लाभ नहीं मिल पाया है। वहीं, शाम सात बजे तक करीब 10 हजार भक्त पंजीकरण करवाने के बाद भवन की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।
बरसात शुरू होने के बाद धर्मनगरी में भी तापमान में गिरावट आई है, जिससे मां के भक्तों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। देशभर में कोरोना मामलों में कमी और ट्रेनें चलने से धर्मनगरी आने वाले मां के भक्तों की संख्या में काफी उछाल आने लगा है। बरसात शुरू होने के बाद यात्रियों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है। दिनरात धर्मनगरी, यात्रा मार्ग और मां वैष्णो का दरबार जयकारों से गूंज रहा है। पंजीकरण कक्ष के अनुसार जहां मंगलवार को 14708 भक्तों ने पवित्र पिंडियों के दर्शन किए थे वहीं बुधवार को शाम सात बजे तक करीब दस हजार भक्त भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। दिनभर हेलिकॉप्टर सेवा तो प्रभावित रही, लेकिन बैटरी कार और रोपवे सुविधा सुचारु रही। इसका भक्तों ने लाभ उठाते हुए मां के दरबार में हाजिरी लगाई है।