संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण क्षेत्र में जरूरी सामानों की किल्लत हो गई है। रविवार को आल पार्टी के लोगों ने एकजुटता के साथ बैठक की और प्रशासन से मांग की कि जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिए हेलिकॉप्टर की सुविधा शुरू की जाए।
आल पार्टी की बैठक में विभिन्न राजनीतिक संगठनों के नेता मौजूद थे। बैठक के दौरान सभी ने प्रशासन से एक साथ राशन की किल्लत को दूर करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से आटा, तेल के अलावा रोजमर्रा की जरूरतों की चीज खत्म हो गई हैं। इसको लेकर प्रशासन को विशेष ध्यान देना चाहिए। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले कई दिनों से बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में लोगों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। प्रशासन को जल्द से जल्द हेलिकॉप्टर के जरिए कई जरूरी सामानों को क्षेत्र में पहुंचने का काम करना चाहिए ताकि लोगों की समस्याएं दूर हो सके।