चिनैनी। क्षेत्र के कारोबारियों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण चिनैनी में पिछले 15 दिन से जहां माल वाहक वाहन नहीं पहुंच पाए हैं तो वहीं दुकानों में भी सामान की भारी कमी होने लगी है।
स्थानीय दुकानदार मोहम्मद शरीफ, अंकुश, राधे श्याम ने कहा कि दुकानों में कई तरह का सामान खत्म हो गया है। खासकर किराने की दुकान में आटा, तेल, तथा अन्य जरूरी सामान खत्म हो गया है। ग्राहकों को भी निराश होकर लौटना पड़ रहा है। दुकानदारों ने कहा कि क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत भी गहरा गई है। कई जगहों पर बिजली बंद के कारण लोगों को मोमबत्ती तक नहीं मिल रही। लोग अंधेरे में जीवन यापन कर रहे हैं।
उनका कहना था कि जरूरी दवाइयों के साथ ही अन्य रोजमर्रा की चीजें भी दुकानों में खत्म हो रही हैं। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि चिनैनी में जरूरी सामान पहुंचाने के लिए इंतजाम किए जाएं। संवाद