कटड़ा। कटड़ा-रियासी मार्ग पर डीडी मोड़ क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। कार और टेंपो ट्रैवलर की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। घायलों की पहचान बरनाई बनतलाब (जम्मू) निवासी प्रिया देवी पत्नी करण कुमार, सेरबढ़ (कटड़ा) निवासी राहुल देव सिंह (32) और सिरला (रियासी) निवासी 35 वर्षीय माखन सिंह के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।