रामबन। रामबन के मेहाड़ में चिनाब में गिरी कार और उसमें सवार लापता लोगों की तलाश में वीरवार को भी तलाशी अभियान चलाया गया। इसमें एनडीआरएफ के जवानों ने नदी के किनारों और संभावित स्थानों को खंगाला है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिला है।
वीरवार सुबह मौसम में सुधार होते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के गोताखोरों ने फिर से चिनाब में लापता लोगों और कार का पता लगाने के लिए अभियान शुरू किया। इस दौरान मेहाड़, मैत्रा, कोहबाग और रामबन में तटबंधों को खंगाला गया। एनडीआरएफ के अनुसार तेज बहाव के बावजूद चिनाब में गोताखोरों को उतारा गया है। सनद रहे कि 26 जुलाई को रामबन के मेहाड़ में एक स्विफ्ट डिजायर कार चिनाब नदी में गिर गई थी। इसमें जम्मू निवासी आरपीएफ अधिकारी और सहित उसकी पत्नी और दो बच्चे लापता है।
इसके पहले बुधवार को भी एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवकों के सहयोग से मेहाड़ और रामबन में तलाशी अभियान चलाया गया था। लेकिन खराब मौसम और चिनाब में उफान के कारण ऑपरेशन को स्थगित कर दिया गया था।