जिला मुख्यालय से करीब पंद्रह किलोमीटर दूर तोलडी नाला इलाके में कार के गहरी खाई में गिरने से डेढ़ महीने की नवजात बच्ची की मौत हो गई। जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें से तीन को हालत में सुधार नहीं होने पर जीएमसी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब छह बजे डोडा से जम्मू की तरफ जा रही नैनो कार (जेके02एआर-1584) जैसे ही तोलडी नाला इलाके में पहुंची कि अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे कार पलट कर 80 फीट गहरी में जा गिरी। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य शुरू कर दिया।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर गंभीर रूप से घायल सात लोगों को कार से बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान हालत में सुधार होने पर जब सुरेश शर्मा ने पुलिस से पूछा कि क्या उनको मौके से डेढ़ महीने की बच्ची मिली है। पुलिस के इनकर किया।
सुरेश ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना के समय डेढ़ महीने की बच्ची कार से बाहर गिर गई थी। पुलिस ने एक दल को फिर से घटनास्थल पर भेजा। करीब एक घंटे की तलाश में बच्ची के शव को झाड़ियों से बरामद किया गया।
घायलों में पलान डोडा निवासी सुरेश शर्मा (32), उसकी पत्नी बीना शर्मा (26) और दो बेटे सत्यम शर्मा (05), अनीश शर्मा (04) पुत्र सुरेश शर्मा के अलावा वेद राज (31), इसकी पत्नी मनीषा (26) और वेद का बेटा हरी ओम (04) शामिल है। वेद, इसकी पत्नी और बेटे को नाजुक हालत में जम्मू रेफर कर दिया गया।