उधमपुर। पंचायत जंद्रोड़ बी के नीली गांव के लिए एकमात्र बस सेवा बंद कर दी गई। ग्रामीणों को रोजाना लगभग 10 किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ रहा है। आवाजाही में उत्पन्न गंभीर समस्या को लेकर शिष्टमंडल डीसी कार्यालय पहुंचा और प्रशासन से जल्द बस सेवा शुरू करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
शिष्टमंडल में ईशर दास, नरेश शर्मा, राकेश शर्मा, हेमराज और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव के लिए केवल एक बस थी, जो कुछ दिन से बंद हो गई है। इस कारण लगभग 4 हजार आबादी के लिए आवाजाही का संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सड़क के लिए उन्होंने जमीनें दी हैं लेकिन अब दूसरे ट्रांसपोर्टर बस सेवा को बंद करवाने में जुटे हैं। उन्होंने चेतावनी भी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।